
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में धुत एक युवक ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि गांव में अफरा-तफरी मच गई। गुस्से में युवक सीधे गांव में लगे 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से चिल्लाकर पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा।

युवक टावर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रहा था कि अगर उसकी पत्नी को नहीं बुलाया गया तो वह नीचे कूद जाएगा। उसकी इस हरकत को देखकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में युवक की पत्नी भी वहां आ गई। पुलिस और पत्नी दोनों ही युवक को समझाने में जुट गए, लेकिन नशे में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। करीब एक घंटे तक युवक टावर पर इधर-उधर घूमता रहा और कूदने की धमकी देता रहा।
पुलिस ने धैर्य के साथ स्थिति को संभाला और लगातार युवक को समझाने की कोशिश की। आखिरकार काफी मशक्कत के बाद युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में टावर पर चढ़ गया था। युवक की काउंसलिंग की गई और भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया।
