
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कान की बाली, नए कपड़े और नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस जघन्य अपराध में दो युवकों के साथ दो महिलाओं की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के माता-पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं, जबकि वह गांव में अपने बुजुर्ग दादा-दादी के साथ रहती थी। 31 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 5 बजे वह गांव के बड़े तालाब के पास गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी झनकेश्वर चंद्रा एक महिला लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान के साथ बाइक से वहां पहुंचा।

आरोपियों ने पीड़िता को कान की बाली, नए कपड़े और सक्ती में नौकरी दिलाने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर युवती उनके साथ बाइक पर बैठ गई। इसके बाद उसे पहले झुलकदम गांव में लक्ष्मी महंत के घर ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक रोके रखा गया।

बाद में काम दिलाने का बहाना बनाकर आरोपी युवती को ग्राम डोंडकी स्थित धनकुंवर यादव के घर ले गए। रात के समय झनकेश्वर चंद्रा और प्रदीप निराला ने उसे कमरे में बंद कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस दौरान लक्ष्मी महंत और धनकुंवर यादव ने अपने घर में पीड़िता को रखकर अपराध को अंजाम देने में सहयोग किया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप निराला (22), झनकेश्वर चंद्रा (37), लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान (32) और धनकुंवर यादव (45) शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
