
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां कॉलेज की एक छात्रा के साथ सीएफए कोर्स में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने युवती के अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और करीब साढ़े नौ लाख रुपये की वसूली की। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृतिनगर चौकी अंतर्गत का है।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक ठाकुर (25) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली संपर्क वाला व्यक्ति बताकर छात्रा को अपने जाल में फंसाया और बार-बार होटल बुलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

कॉलेज परीक्षा के दौरान हुई पहचान
18 वर्षीय पीड़िता भिलाई के एक कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रही है। अगस्त माह में बीबीए सेमेस्टर परीक्षा देने के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिसने अपने मुंहबोले भाई दीपक ठाकुर से परिचय कराया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी पहचान नया रायपुर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय में है और वह सीएफए कोर्स में आसानी से दाखिला दिला सकता है।

फॉर्म भरने के बहाने होटल बुलाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार 9 अगस्त 2025 को आरोपी ने उसे सीएफए कोर्स का फॉर्म भरने के बहाने भिलाई स्थित होटल लैंडमार्क बुलाया। होटल के कमरे में उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उसे डराना शुरू कर दिया।

धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठे
ब्लैकमेल के जरिए आरोपी ने 1 नवंबर 2025 को फिर से युवती को होटल बुलाया और दोबारा दुष्कर्म किया। इसके बाद सीएफए कोर्स में एडमिशन दिलाने के नाम पर उससे बड़ी रकम की मांग की गई। पीड़िता ने आरोपी को 7.50 लाख रुपये नकद दिए, जबकि बाद में 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 9.50 लाख रुपये वसूले।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, आरोपी की तलाश जारी
पीड़िता की शिकायत पर 16 दिसंबर को सुपेला थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
