Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधहाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी में बवाल, लाठी-डंडों से हमला, गाड़ियों की तोड़फोड़, मारपीट...

हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी में बवाल, लाठी-डंडों से हमला, गाड़ियों की तोड़फोड़, मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित ऐलसवेयर होटल में शनिवार देर रात आयोजित हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी उस वक्त हिंसक हो गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पार्टी के दौरान हुई मारपीट और तोड़फोड़ से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज म्यूजिक और नाच-गाने के बीच अचानक कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर होटल परिसर में घुसे और एक युवक पर हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। हमलावरों ने न सिर्फ युवक की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, पार्टी में शामिल राहुल गवली और उसके साथियों का शुभम लेखवानी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि राहुल गवली ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुभम लेखवानी पर लाठी-डंडों से हमला किया और फिर गाड़ियों में तोड़फोड़ कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को विवाद की वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

गौरतलब है कि रायपुर और नवा रायपुर में देर रात होने वाली पार्टियों को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क है। हाल ही में विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा स्थित जेडी फार्म हाउस में रेव पार्टी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और मौके से शराब व नशीली सामग्री जब्त की थी।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद नवा रायपुर और रायपुर में देर रात आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे आयोजनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts