
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार देर रात एक बार के क्लब में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डांस कर रहे युवकों के दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवकों के बीच जमकर हाथापाई होती दिखाई दे रही है।

यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रायपुर रोड स्थित इल्यूम बार में युवक पार्टी के बाद डांस कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में किसी भी तरह के विवाद को रोकने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी नाम –
- कुनाल धीरज (20 वर्ष), निवासी सिलपहरी ओवरब्रिज, थाना सिरगिट्टी
- सदिल अली उर्फ शाहरुख अली (37 वर्ष), निवासी ईरानी मोहल्ला, थाना सरकण्डा
- प्रदीप प्रजापति (37 वर्ष), निवासी जरहाभाठा, थाना सिविल लाइन
- श्याम लाल यादव (38 वर्ष), निवासी यादव नगर, तिफरा, थाना सिरगिट्टी
