
बिलासपुर। स्वर्गीय उषादेवी भंडारी जी की स्मृति में आयोजित प्रतिष्ठित विनीत कप रात्रिकालीन लाइट वेट बॉल अखिल भारतीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ आज 28 दिसंबर से स्थानीय खेल परिसर, एसईसीएल मुख्यालय के सामने किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट अपने 13वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास लोकप्रियता रखता है।

आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ‘निक्कू’ ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की दर्जनों टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को ₹11,11,111 नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को ₹4,44,444 नकद व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक दी जाएगी। साथ ही बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट फील्डर और प्रत्येक मैच के उत्कृष्ट खिलाड़ी को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।

टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह आज रात 8 बजे भव्य आतिशबाजी के साथ होगा। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशांत शुक्ला करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में महापौर पूजा विधानी, दीपक सिंह, विनोद सोनी, विजय ताम्रकार, प्रवीण दुबे, रेखा पाण्डेय एवं रूपाली गुप्ता मौजूद रहेंगी।
यह टूर्नामेंट 28 दिसंबर से 11 जनवरी तक चलेगा, जिसमें रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ सद्भावना मैच भी खेले जाएंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी मैदान के दर्शकों से खचाखच भरे रहने की उम्मीद है।
