
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिनदहाड़े बस स्टैंड परिसर में दो गुटों के बीच डंडों और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट होती नजर आ रही है। यह घटना कबीरधाम के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इस झड़प में एक पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सुदर्शन चन्द्रवंशी बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय गए हुए थे, तभी कुछ नशेड़ियों ने उनकी जेब में रखे पैसे छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और इसकी जानकारी सुदर्शन ने अपने साथियों को दी। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर डंडे और लोहे की रॉड से चार लोगों पर हमला कर दिया।
इस हमले में सुदर्शन चन्द्रवंशी के हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि राजेंद्र चन्द्रवंशी के सिर पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान करने और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
