
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहीद हॉस्पिटल के टॉयलेट से एक नवजात बच्चे का शव बरामद किया गया। घटना सामने आते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही नवजात की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को टॉयलेट तक किसने और किन परिस्थितियों में पहुंचाया। मामले की तह तक जाने के लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, वहीं अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
