
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले में ऑनलाइन निवेश के नाम पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति से 1 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हेमूनगर निवासी कुलवीर सिंह भट्टी पहले हैवंस कंपनी में नौकरी करते थे, जिसे उन्होंने बाद में छोड़ दिया। मई 2025 में उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से लिंक आया। लिंक खोलने पर निवेश करने पर दोगुना लाभ मिलने का दावा किया गया था।

लालच में आकर कुलवीर सिंह ने ठगों के बताए अनुसार रकम जमा करनी शुरू कर दी। अलग-अलग बहानों से आरोपियों ने उनसे लगातार पैसे निवेश कराए। इसके लिए पीड़ित ने घर के जेवर गिरवी रखे और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी रकम जुटाई। करीब आठ महीनों के भीतर उन्होंने कुल 1 करोड़ 31 लाख रुपये जमा कर दिए।

जब पीड़ित ने मुनाफे की राशि मांगी, तो ठगों ने 85 हजार रुपये और जमा करने पर भुगतान करने का आश्वासन दिया और बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया। मोबाइल नंबर बंद होने के बाद परिजनों से चर्चा करने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 66(घ) और 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
