Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधपत्नी से बात करने की खौफनाक सजा, पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट...

पत्नी से बात करने की खौफनाक सजा, पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला, गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शक और गुस्से ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करने से नाराज पति ने अपने ही पड़ोसी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी की है।

मृतक की पहचान नंदकुमार पटेल (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ गांव में रहता था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के ही एक घर के पास बाड़ी में खून से लथपथ शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि नंदकुमार के सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू की।

स्निफर डॉग ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस ने स्निफर डॉग ‘बाघा’ की मदद ली। डॉग घटनास्थल से सीधे पड़ोसी जयकंवर के घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और जयकंवर से कड़ाई से पूछताछ की गई।

पत्नी से हंसी-मजाक बना विवाद की जड़

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नंदकुमार का आरोपी जयकंवर के घर आना-जाना था। वह अक्सर जयकंवर की पत्नी से बातचीत और मजाक करता था, जिससे जयकंवर नाराज रहता था। रविवार रात जयकंवर ने अपनी पत्नी और नंदकुमार को बातचीत करते देखा, जिससे वह आपा खो बैठा।

बाड़ी में ले जाकर उतारा मौत के घाट

गुस्से में जयकंवर नंदकुमार को घर के पास स्थित बाड़ी में ले गया, जहां पहले उसकी पिटाई की और फिर कुल्हाड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव वहीं छोड़कर घर लौट गया।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी जयकंवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts