
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रामा वर्ल्ड कॉलोनी से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आज सुबह कॉलोनी के एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय शुभम राणा के रूप में हुई है, जो झारखंड के देवघर जिले का निवासी था। शुभम रामा वर्ल्ड स्थित स्वर्णभूमि कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में कारपेंटर के रूप में काम करता था और वहीं अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ रह रहा था।

रात से था लापता, सुबह मिला शव
यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 5 जनवरी की रात करीब 11 बजे शुभम अपने कमरे से अचानक गायब हो गया था। सुबह जब उसके साथी मजदूर उठे, तो उन्होंने निर्माणाधीन मकान के भीतर शुभम का शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई हो सकती है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल जांच में यह सामने आया है कि शुभम का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद वे झारखंड से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
