
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया है। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को शराब दुकान के पास फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

यह मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। बुधवार देर रात पुलिस गश्त के दौरान फाफाडीह स्थित शराब भट्ठी के पास खून से सनी लाश दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल युवक को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अमर लोहर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के गाल, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
