
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान आदित्य कुर्रे के रूप में हुई है। वहीं घायल अभय सारथी का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई है। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हाथों में चाकू लेकर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वारदात के समय पूरे इलाके की स्ट्रीट लाइट बंद थी, जिससे बदमाशों को फायदा मिला। आशंका जताई जा रही है कि हमला पूरी योजना के तहत किया गया।
चाकूबाजी की इस घटना से इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नजर नहीं आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर करीब तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
