
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन ने जान ले ली। बिलासपुर चौक के पास शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है और पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर के मुक्तिपारा निवासी दीपक मानिकपुरी (38) अपने एक साथी के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। रात करीब 9 बजे बिलासपुर चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान हाईवा दीपक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका सिर कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवा चालक वाहन समेत फरार हो गया। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने घायल बाइक चालक की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में उसके नशे की हालत में होने की बात भी सामने आई है।
इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक चालक को लापरवाही से वाहन चलाते देखा जा रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार हाईवा चालक की पहचान करने में जुटी है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में बढ़ रहे हिट एंड रन मामले चिंता का विषय
अंबिकापुर शहर और इसके प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है। रिंग रोड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी भारी वाहन बेलगाम दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
