
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला किया और फिर खुद को घायल कर लिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि युवती जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

यह पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। मृत युवक की पहचान शुभम नायडू (28) के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और एक बच्ची का पिता बताया जा रहा है। वहीं घायल युवती का नाम निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) है। दोनों मूल रूप से बिलासपुर के निवासी हैं।

शाम से लापता थे दोनों
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम से ही दोनों लापता थे। युवती के परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद बिलासपुर पुलिस तलाश में जुटी थी। इसी बीच रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा पहुंचे। संडैल नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

विवाद के बाद वारदात
विवाद बढ़ने पर शुभम ने कथित तौर पर निशा के गले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद युवक ने उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया। आसपास सुनसान इलाका होने के कारण तुरंत मदद नहीं मिल पाई।

घायल हालत में युवती ने मांगी मदद
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवती ने हिम्मत दिखाई। उसने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर इशारों में पूरी घटना बताई। साथ ही लोकेशन भी शेयर की, जिससे पुलिस टीम मौके तक पहुंच सकी।
दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।

मोबाइल जब्त, जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। कॉल डिटेल और चैट के जरिए घटना की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ASP लखन पटले के मुताबिक, घायल युवती ने इशारों में बताया कि युवक ने पहले उस पर हमला किया और फिर खुद को घायल कर लिया। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
