
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र में पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गायत्री बस्ती निवासी रंजना यादव की शादी करीब 10 से 12 साल पहले तुलसी यादव से हुई थी। शादी के कई वर्षों बाद भी संतान न होने और पत्नी के चरित्र को लेकर पति को संदेह रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

रविवार शाम एक बार फिर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर तुलसी यादव ने घर में रखे फावड़े से रंजना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से रंजना मौके पर ही गिर पड़ी।

परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।
