Tuesday, February 10, 2026
Homeअपराधप्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या, किराए के...

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या, किराए के कमरे में फंदे पर मिला शव, दोस्त मिलने पहुंचे तो मचा हड़कंप..! जांच में जुटी पुलिस…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक किराए के मकान में अकेले रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी उस समय लगी, जब उसके दोस्त सोमवार शाम उससे मिलने पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आकाश कुमार पंडा (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम अमलीडीह, घरघोड़ा (जिला रायगढ़) का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि आकाश काफी समय से बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

सोमवार शाम जब दोस्त कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और फोन लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से झांककर देखने पर आकाश का शव फंदे पर लटका नजर आया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों के रायगढ़ से पहुंचने तक दरवाजा न खोलने का अनुरोध किया गया। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में मामला पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े मानसिक दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस युवक के मोबाइल कॉल डिटेल्स, दोस्तों से बातचीत और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts