
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर गन के साथ रील बनाकर दबदबा दिखाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

मामला सामने आते ही पुलिस सीधे युवक के घर पहुंची। दरवाजे पर पुलिस को देख युवक घबरा गया और हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

कैसे खुला मामला
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करता नजर आया, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बनने की आशंका थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम आईडी वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया निवासी दीदार अली की है। युवक फिलहाल धरमजयगढ़ के बेहरापारा इलाके में अपने जीजा के घर रह रहा था और रील सार्वजनिक मार्ग पर शूट की गई थी।
एयरगन का किया इस्तेमाल
पुलिस पूछताछ में 33 वर्षीय दीदार अली पिता निषार ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई गन छर्रावाली एयरगन है, जिसके लिए लाइसेंस जरूरी नहीं होता। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर इसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर डालना कानून व्यवस्था के लिहाज से गलत पाया गया।
धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक को तलब कर पूछताछ की और शांति भंग की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
SSP का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि
“सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय या दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवा वर्ग सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करे।”
उन्होंने यह भी बताया कि रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
