
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड पर मंगलवार तड़के आयकर विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह-सुबह फैक्ट्री परिसर में पहुंची टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड, कोका-कोला कंपनी के विभिन्न कोल्ड ड्रिंक प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। फैक्ट्री में आयकर विभाग की 6 सदस्यीय टीम मौजूद है, जो कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड, टैक्स से जुड़े कागजात, लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि कंपनी के मालिक प्रदीप अग्रवाल हैं, जबकि बिलासपुर यूनिट के संचालन की जिम्मेदारी नवनीत अग्रवाल के पास है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी नर्मदा ड्रिंक्स से जुड़े ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की गई है।

सूत्रों के मुताबिक रायपुर डिपो के अलावा जबलपुर और नागपुर में भी आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी है। वहीं कंपनी का हेड ऑफिस दिल्ली में बताया जा रहा है, जहां भी जांच से जुड़े इनपुट जुटाए जा रहे हैं।
हालांकि आयकर विभाग की ओर से फिलहाल इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स से जुड़े संभावित अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। आयकर विभाग की टीम की जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
