
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव झाड़ियों के बीच बरामद किया गया है। युवक बुधवार रात से लापता था। गुरुवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह पूरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ग्राम बेहरपाली और जामगांव के बीच ग्रामीणों की आवाजाही के दौरान झाड़ियों के पास एक शव दिखाई दिया। शव कपड़ों से ढका हुआ था, जिससे पहले तो पहचान नहीं हो सकी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

कुछ समय बाद मृतक की पहचान बेहरपाली निवासी 40 वर्षीय सत्यानंद प्रधान के रूप में हुई। सत्यानंद गांव में छोलाछाप डॉक्टर के रूप में काम करता था। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया।

प्राथमिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि सत्यानंद बुधवार शाम बाइक से घर से निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा।
घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस के साथ साइबर टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
