
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करोड़ों की ज्वेलरी लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस को ऐसा सनसनीखेज सच हाथ लगा, जिसने पूरे मामले को हिला कर रख दिया। लूट के आरोपियों का सीधा कनेक्शन बीजेपी पार्षद की हत्या की साजिश से जुड़ा निकला। जमीन विवाद के चलते पार्षद बंधु मौर्य को मारने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रेस कांफ्रेस में बताया कि हथौड़े से हमला कर जेवर लूटने वाले आरोपी शहर के कई सराफा कारोबारियों की रैकी कर चुके थे। शनिवार को । चारों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से बिलासपुर लाया। जिसके बाद उनसे अलग-अलग पूछताछ की गई। उन्हें यहां कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भी लिया गया था। आरोपियों से पूछताछ में स्थानीय युवकों के लिंक और सुपारी लेकर BJP पार्षद की हत्या की साजिश रचने का खुलासा हुआ है।

जमीन विवाद से शुरू हुई हत्या की प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि चिंगराजपारा निवासी नारियल व्यापारी राजू सोनकर का बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में राजू ने स्थानीय हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास के जरिए बाहरी शूटरों से संपर्क कराया। सौदा 25 लाख में तय हुआ, जिसमें 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

यूपी से बुलाए गए शूटर
नारद श्रीवास ने जेल में बनी दोस्ती का फायदा उठाते हुए लूटकांड के आरोपी विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति के जरिए उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए। आरोपियों ने पहले पार्षद की गतिविधियों की रेकी की और 18 दिसंबर की रात हमला करने की साजिश रची।

BJP पार्षद पर हमला, लेकिन बची जान
योजना के मुताबिक बदमाशों ने पार्षद की कार रोककर गोली मारने की कोशिश की, लेकिन बंधु मौर्य ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से निकल गए। इसी वजह से उस रात हत्या की कोशिश नाकाम हो गई।

लूट की वारदात से खुला पूरा खेल
हत्या की साजिश फेल होने के बाद आरोपियों ने शहर में लूट की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया। फरवरी 2026 में महालक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया गया। 17 फरवरी की रात ज्वेलरी कारोबारी को हथौड़े और पिस्टल के बल पर लूट लिया गया। बदमाश करीब 2 किलो सोना, नकद 3.5 लाख रुपये और जेवरात लेकर फरार हो गए।

यूपी में घेराबंदी, दो आरोपियों का एनकाउंटर
घटना के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भागे। पुलिस टीम ने मिर्जापुर में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान दो बदमाशों का शॉर्ट एनकाउंटर भी हुआ। आरोपियों के पास से लूटा गया पूरा माल और हथियार बरामद कर लिए गए।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करते हुए नारद श्रीवास, राजू सोनकर समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
SSP का बड़ा बयान
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि ज्वेलरी लूट सिर्फ एक अपराध नहीं था, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक हत्या की साजिश छिपी हुई थी। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा वारदात हो सकता था।
आरोपी नाम –
1 – विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति (33) निवासी न्यू डबल स्टोरी गणेश चौंक जमुना कॉलरी थाना भालूमाडा जिला अनूपपुर (म.प्र.)।
2- करीम खान (2) निवासी चकमहमूद सकलेननगर ओल्ड सिटी थाना बरादरी जनपद बरेली (उ.प्र.)।
3 – विजय लाम्बा (52) निवासी चंदन नगर थाना जगतपुरी पूर्वर्वी नई दिल्ली।
4 – मोनू उर्फ राहूल उर्फ गुडवा (32) निवासी ग्राम सोरखा थाना सेक्टर 113 जिला गौतम बुद्ध नगर नोएडा।
5 – इरफान अली (32) निवासी झलमला थाना सीपत जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
6 – नारद उर्फ सुमित श्रीवास (42) निवासी 27 खोली थाना सिविल लाईन जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
7 – राजू सोनकर (38) निवासी चिंगराजपारा देवनचाल के सामने थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
