
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गाड़ी रिपेयरिंग के पैसों को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक युवक ने अपने ही दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चूना भट्ठी निवासी 19 वर्षीय बिट्टू यादव है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान बिट्टू ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

दरअसल 5 मार्च की सुबह खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान चूना भट्ठी निवासी राजा साहू के रूप में हुई।

जांच में पता चला कि राजा सुबह करीब 8 बजे अपने एक परिचित के साथ घर से निकला था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में बिट्टू यादव राजा को अपने साथ ले जाते नजर आया और बाद में घटनास्थल के पास भी उसकी मौजूदगी सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बिट्टू को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह और राजा अच्छे दोस्त थे। कुछ दिन पहले उसकी गाड़ी में टूट-फूट हो गई थी, जिसका खर्च वह राजा से मांग रहा था। बिट्टू का आरोप था कि गाड़ी को नुकसान राजा की वजह से हुआ था।
कई बार पैसे मांगने के बावजूद राजा ने रकम नहीं दी। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर बिट्टू ने धारदार हथियार से हमला कर राजा की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
