
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है।

जानकारी के मुताबिक, नूतन चौक स्थित एक चाय दुकान में पीड़ित हेमंत कुमार यादव से 50 हजार रुपये चाकू की नोक पर लूट लिए गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अतुल यादव, निवासी लम्बोदर नगर, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
