Monday, April 6, 2026
Homeअपराधशर्मनाक वारदात: शराब के लिए बाइक बेची, गुस्साए दोस्त ने सड़क पर...

शर्मनाक वारदात: शराब के लिए बाइक बेची, गुस्साए दोस्त ने सड़क पर नग्न कर पीटा, VIDEO वायरल…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब की लत ने दोस्ती को हिंसा में बदल दिया। शराब के लिए दोस्त की बाइक बेचने से नाराज युवक ने अपने ही मित्र को बीच सड़क पर नग्न कर बेरहमी से पीट दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना दर्री थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमरदास (36) शराब का आदी बताया जा रहा है और कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। 27 मार्च को वह अपने दोस्त सरोज कुमार की बाइक लेकर निकला था, लेकिन लौटने पर बाइक उसके पास नहीं थी। बाद में खुलासा हुआ कि उसने शराब के लिए बाइक बेच दी।

इस बात से भड़के दोस्त ने अमरदास की न केवल जमकर पिटाई की, बल्कि उसे नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारा। पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि उसके नाक-मुंह से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब आठ दिन बाद इस घटना का वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी रतनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts