
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी थाने में कथित तोड़फोड़ और थाना प्रभारी के साथ बदसलूकी के मामले में भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने में हंगामा करने, टीआई कक्ष में तोड़फोड़ और थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

DJ वाहन जब्ती के बाद थाने में हुआ था विवाद
मामला गणेश पक्ष के दौरान निर्धारित समय-सीमा के बाद DJ बजाने पर पुलिस की कार्रवाई से जुड़ा है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में DJ वाहन जब्त किया था। इसी वाहन को छुड़ाने के लिए शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचा था। आरोप है कि वाहन को लेकर हुए विवाद के दौरान थाने में हंगामा हुआ और टीआई कक्ष में तोड़फोड़ की गई। थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित बदसलूकी का मामला भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में FIR दर्ज की थी।

घर पर दबिश के बाद गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन उस समय उसके मौके पर नहीं मिलने की बात सामने आई थी। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेशी की तैयारी की जा रही है।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद राजनीतिक घमासान
घटना के बाद शुभांकर द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी किए थे, जिनमें पुलिस के खिलाफ बयान दिए गए। मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। कांग्रेस ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। शहर कांग्रेस की ओर से आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई थी।

साहू समाज ने भी की थी कार्रवाई की मांग
थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपा था। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराने के साथ दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी।फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
