
बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में बैंक की एक महिला शाखा प्रबंधक पर रिश्वत मांगने का आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई है। मृत खातेदार के नॉमिनी को राशि भुगतान करने के एवज में 10 हजार रुपये मांगने के मामले में प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मृतक खातेदार के खाते की राशि जारी करने के लिए बैंक अधिकारी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई। इस दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
कलेक्टर के निर्देश पर कराई गई प्रारंभिक जांच में शिकायत को सही पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर बैंक प्रबंधन ने शाखा निपनिया की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बैंक कर्मचारी सेवा नियमों के तहत निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान अनिता पाण्डेय को महासमुंद स्थित नोडल कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से शाखा का प्रभार सौंपकर नए पदस्थापन स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, जबकि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। मामले की आगे की विभागीय प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
