
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से सना शव गली के बीचों-बीच पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह स्थानीय लोगों ने गली में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास सीमेंट के दो भारी पोलनुमा पत्थर मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाशों ने इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की निर्मम हत्या की है। मृतक के शरीर और कमर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों और संभावित विवादों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या देर रात हुई या तड़के सुबह, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी वजह की भी जांच की जा रही है।
