Monday, June 22, 2026
Homeअपराधतिफरा ओवरब्रिज पर मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, युवक की मौके पर...

तिफरा ओवरब्रिज पर मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के तिफरा ओवरब्रिज पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भानु लहरें के रूप में हुई है। वही घायल युवक की पहचान पारस यादव के रूप से हुआ है। दोनों युवक पथरिया के रहने वाले बताया जा रहा है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित तिफरा फ्लाईओवर से बाइक पर सवार दो युवक गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन से जा भिड़ी। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए क्षतिग्रस्त बाइक को हटाकर थाने भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts