
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में मरीन ड्राइव पर एक 19 वर्षीय युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। महज हंसने के शक में दो नाबालिग लड़कियों ने पहले युवती से विवाद किया, फिर बीच सड़क उसके बाल पकड़कर थप्पड़, लात और मुक्कों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि बाद में एक महिला को बुलाकर भी युवती के साथ मारपीट की गई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने 14 जुलाई को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह किराए के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून की शाम वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से लौट रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो नाबालिग युवतियां सेल्फी ले रही थीं।

शिकायत के मुताबिक, दोनों युवतियों ने उस पर सेल्फी लेते समय उन्हें देखकर हंसने और रास्ता रोकने का आरोप लगाया। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज में बदल गई और दोनों ने पीड़िता पर हमला कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने अपनी परिचित नगमा खान उर्फ नूरी (38) को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि महिला के पहुंचने के बाद भी पीड़िता के साथ लात-घूसों और मुक्कों से मारपीट जारी रही। इस दौरान उसके कपड़े उतारने की भी कोशिश की गई, जिससे वह बेसुध हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को भी आरोपियों ने रोकने का प्रयास किया।

मारपीट के बाद आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पीड़िता की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दोनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
