
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिहारपुर थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक थाने में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी की तलाश की मांग लेकर थाने पहुंची थी। उसका आरोप था कि विवाद के बाद उसका प्रेमी घर छोड़कर चला गया है और पुलिस उसे जल्द खोजकर वापस लाए।

जानकारी के मुताबिक, युवती ने पहले पुलिस से अपने प्रेमी का पता लगाने और उसे वापस लाने की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह संतुष्ट नहीं हुई। कुछ ही देर बाद वह अचानक थाना परिसर में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और युवती को शांत करने के लिए लगातार समझाइश दी। काफी देर तक बातचीत के बावजूद जब वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई, तो पुलिसकर्मी खुद टावर पर चढ़े और पूरी सावधानी के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस उसकी शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और प्रेमी की तलाश सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
