Homeअपराधचप्पल लेकर युवक पर टूट पड़ीं BJP नेत्री! महामाया मंदिर गेट पर...

चप्पल लेकर युवक पर टूट पड़ीं BJP नेत्री! महामाया मंदिर गेट पर मचा बवाल, VIDEO वायरल, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज..

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर के मुख्य गेट के पास पुराने विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक भाजपा नेत्री द्वारा युवक को चप्पल से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल प्रसाद की दुकान और होटल चलाते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हो गया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।

बताया गया कि शनिवार को महामाया मंदिर गेट के पास तुषार को उनकी दुकान में काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखाई दिया। तुषार ने चोरी के मामले में मनोज पर संदेह जताते हुए उसके साथी मोंटी धीवर से पूछताछ की। इसके बाद यह बात मनोज और फूल की दुकान संचालित करने वाली रेहाना बेगम तक पहुंच गई।

नीचे लिंक पर देखें वीडियो 

https://www.instagram.com/reel/DcbBTpZvb2z/?igsi=MWVra2ZhMjVubTF0Nw==

मौके पर पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

आरोप है कि दोपहर करीब ढाई बजे रेहाना बेगम के मौके पर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद हाथापाई होने लगी। एक पक्ष ने रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रेहान, शेरू और मोंटी पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

तुषार का कहना है कि विवाद को शांत कराने पहुंचीं उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में चोट पहुंचाने और कपड़े फाड़ने के आरोप भी लगाए गए हैं।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

वहीं, भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मंडल की महामंत्री रेहाना बेगम ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रेहाना के अनुसार, मोंटी धीवर का फोन आने पर वह मौके पर पहुंची थीं। वहां राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

रेहाना ने आरोप लगाया कि उनके बाल पकड़कर मारपीट की गई और राजू शर्मा ने उनका हाथ मरोड़ते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे मोंटी और करिया के साथ भी मारपीट की गई।

चप्पल से पिटाई का वीडियो बना चर्चा का विषय

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है। वायरल वीडियो में एक महिला बाइक से उतरने के बाद युवक को चप्पल से पीटती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो सोशल मीडिया के साथ भाजपा से जुड़े विभिन्न ग्रुपों में भी तेजी से साझा किया जा रहा है।

फिलहाल, दोनों पक्षों की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts