
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार को बच्चों से भरी एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। सिंघपुर झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस खेत में जाकर पलट गई। बस में डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी देने के साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर हादसे के कारणों को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल कुछ बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
