
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तिफरा स्थित बिजली कार्यालय में देर रात अचानक फॉल्स सीलिंग का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। सीलिंग के साथ भवन में लगी लाइट, पंखे और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना देर रात हुई, जिसके चलते कार्यालय में मौजूद अधिकारी-कर्मचारी इसकी चपेट में आने से बच गए।

बताया जा रहा है कि कार्यालय परिसर में एक अधिकारी के सेवानिवृत्ति समारोह की तैयारी होनी थी। ऐसे में यदि यह हादसा दिन के समय होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। सबसे गंभीर सवाल यह है कि फॉल्स सीलिंग का काम महज तीन महीने पहले ही कराया गया था। इतने कम समय में सीलिंग के गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली कंपनी के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि फॉल्स सीलिंग गिरने की वजह क्या रही और निर्माण में किसी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था।
