
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ईद मिलादुन्नबी के दौरान चाकूबाजी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने जुलूस में शामिल तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने चाकू निकाल लिया और सामने आए तीन युवकों पर हमला कर दिया। चाकूबाजी में तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।

हमले के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान आरिफ खान उर्फ मोंटी, निवासी ईदगाह भाटा के रूप में हुई है। पुलिस ने कुछ संदेहियों को पकड़कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
लगातार वारदातों से बढ़ रही चिंता
राजधानी रायपुर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक ओर पुलिस पर्व और आयोजनों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
