
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिल के दानिकुंडी में शासकीय कार्यालय के भीतर पटवारी पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पटवारी शुद्धू राम कोल के सिर पर गंभीर चोट आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हल्का नंबर 26 में पदस्थ पटवारी शुद्धू राम कोल कार्यालय में सरकारी काम कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड वहां पहुंचा और किसी काम को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड उठाकर पटवारी के सिर पर हमला कर दिया।

वायरल वीडियो में आरोपी पटवारी पर पिछले तीन वर्षों से काम नहीं करने और काम के बदले लिए गए पैसे वापस नहीं करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की।
हमले में घायल पटवारी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वायरल वीडियो समेत पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही हमले के पीछे की पूरी वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।
