Homeअपराधचोरी पर सियासी वार: भूपेश बघेल ने CM साय से कहा– यह...

चोरी पर सियासी वार: भूपेश बघेल ने CM साय से कहा– यह सही समय है जब आप इस गृहमंत्री को विदा कर दें’.!!

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विधानसभा कुनकुरी में हुई मोबाइल दुकान में चोरी की घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर पुलिस व्यवस्था और गृहमंत्री विजय शर्मा पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने दावा किया कि चोरी के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस के पास पेट्रोल-डीजल तक के पैसे नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री साय से गृहमंत्री को हटाने तक की बात कह दी।

दरअसल, 12 अगस्त की रात कुनकुरी के जय स्तंभ चौक स्थित कठौतिया मोबाइल दुकान में चोरों ने धावा बोलकर करीब 130 से 140 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। हैरानी की बात यह रही कि दुकान पुलिस थाने के सामने स्थित है। वारदात के बाद आरोपी चोरी के मोबाइल लेकर बस से फरार हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान झारखंड के साहेबगंज निवासी तौसीफ रजा (35) की पहचान हुई। पुलिस की विशेष टीम झारखंड पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, तौसीफ ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी है।

पेट्रोल के पैसे मांगने का आरोप

मामले में सबसे ज्यादा चर्चा पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश के लिए पेट्रोल के पैसे मांगने को लेकर है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए प्रार्थी से पेट्रोल के पैसे मांगे, जिसके बाद दुकानदार ने पैसे भी दिए।

दुकानदार का कहना है कि चोरी हुए मोबाइल लगातार एक्टिवेट हो रहे हैं और इसकी जानकारी पुलिस को दी जा रही है। इसके बावजूद अब तक चोरी के मोबाइल बरामद नहीं हो सके हैं।

बघेल बोले- गृह विधानसभा का यह हाल तो प्रदेश का क्या होगा?

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री की अपनी विधानसभा में पुलिस की ऐसी स्थिति है तो पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। बघेल ने मुख्यमंत्री साय से गृहमंत्री विजय शर्मा को विदा करने की बात कहते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी तक कब पहुंचती है और चोरी के 130 से 140 मोबाइल कब बरामद होते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts