
जशपुर। छत्तीसगढ़ में विकास के दावों के बीच जशपुर से सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत सुलेसा के शासकीय प्राथमिक शाला करमघाट में पिछले कई दिनों से हैंडपंप खराब पड़ा है। पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण स्कूल के मासूम बच्चे खेतों से बहकर आ रहे पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि हैंडपंप खराब होने की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक इसे ठीक नहीं कराया जा सका है। ऐसे में बच्चों के सामने प्यास बुझाने के लिए दूषित पानी का इस्तेमाल करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।

दूषित पानी से स्वास्थ्य पर खतरा
खेतों और नाले से बहकर आने वाले पानी की स्वच्छता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यही पानी पीने से बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों और स्कूल से जुड़े लोगों ने जल्द से जल्द पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

BEO ने दिए जल्द सुधार के निर्देश
मामले को लेकर बगीचा BEO सुदर्शन पटेल ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। संबंधित तकनीकी टीम को हैंडपंप जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल सवाल यही है कि जब तक हैंडपंप ठीक नहीं होता, तब तक स्कूल के बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कौन करेगा?
