
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में महुआ शराब के मामले में गिरफ्तार एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद बवाल मच गया। मेहंदीपारा निवासी शिव साहिस उर्फ गुल्लू को पुलिस ने शराब से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने शिव साहिस को गिरफ्तार करने के बाद उसे शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया था। सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद भड़का आक्रोश
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्लेवासी आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के दौरान शिव के साथ मारपीट की गई थी और उसकी मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई है।
परिजनों की ओर से कथित तौर पर दो पुलिसकर्मियों को नौकरी से हटाने और उचित मुआवजे की मांग की जा रही है।

थाने के बाहर तनाव का माहौल
विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, वहीं प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई को लेकर जवाब मांग रहे हैं।
फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह और पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी।
