Homeअपराधलिव-इन पार्टनर ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला, फिर सेप्टिक टैंक में...

लिव-इन पार्टनर ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला, फिर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव; ऐसे खुला राज… आरोपी फरार…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी और शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। कई दिन बाद शव से उठ रही बदबू ने इस पूरे मामले का राज खोल दिया।

मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय संतोषी के रूप में हुई है। वह करीब दो साल से 40 वर्षीय मनोज उरांव के साथ लिव-इन में रह रही थी। पुलिस के अनुसार मनोज नशे का आदी बताया जा रहा है।

विवाद के बाद मारपीट, फिर मौत का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को किसी बात को लेकर संतोषी और मनोज के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि नशे में मनोज ने उसके साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। हालांकि, देर शाम फिर मारपीट हुई और इसके बाद संतोषी की मौत हो गई। आरोप है कि महिला की मौत के बाद मनोज ने शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसका ढक्कन बंद कर दिया।

रक्षाबंधन पर घर नहीं पहुंची तो भाइयों को हुआ शक

घटना के अगले दिन रक्षाबंधन था। संतोषी जब मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों ने मनोज से पूछताछ की। उसने बताया कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। 19 सितंबर को संतोषी का भाई रामभरोस और अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आ रही थी। ढक्कन भी आधा खुला था। शक होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

टैंक खोला तो मिली सड़ी-गली लाश

सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया। अंदर से एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई, जिसकी पहचान संतोषी के रूप में हुई। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम भी पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

वारदात के बाद से आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से मनोज उरांव फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।

संतोषी की पहली शादी वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 साल पहले पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। बाद में करीब दो साल पहले वह मनोज के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। मनोज की पत्नी की भी मौत हो चुकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts