
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में चैन स्नैचिंग के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि वारदातों में शामिल आरोपी कोई पुराने अपराधी नहीं, बल्कि BTech की पढ़ाई कर रहे युवक और युवती हैं। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चैन स्नैचिंग की प्लानिंग करने लगे।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने की चैन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए।
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को निशाना बनाया गया। लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चैन स्नैचिंग की वारदातें करना स्वीकार किया।

बुजुर्ग महिलाओं को करते थे टारगेट
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही महिला के गले से चैन झपट लेता था। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
