Homeअपराधपिता-पुत्र गिरफ्तार; छत के रास्ते घर में घुसा, 12.50 लाख उड़ाए… पिता...

पिता-पुत्र गिरफ्तार; छत के रास्ते घर में घुसा, 12.50 लाख उड़ाए… पिता ने छिपाई रकम, 11.53 लाख कैश बरामद…

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 12.50 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के मझगांव में हुई इस वारदात में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए हैं।

गणेश उत्सव के बीच घर में घुसा था आरोपी

मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच घर से 12.50 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। परिवार के सदस्यों ने घटना के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था। उसने चेहरा गमछे से ढका हुआ था। पुलिस को घटनास्थल के आसपास शराब की शीशी, कुएं में मिला पर्स और गली में पड़ा खाली बैग भी मिला। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने जांच शुरू की।

पड़ोसी की छत से घर में दाखिल हुआ

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी कमलेश पटेल (19) का पुराना मकान हीरालाल साहू के घर से जुड़ा हुआ है। दोनों मकानों की छत के बीच से आवाजाही संभव थी। पुलिस पूछताछ के मुताबिक, गणेश चतुर्थी के दिन गांव के लोग पंडाल में व्यस्त थे। इसी दौरान कमलेश अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार किया। इसके बाद छत के रास्ते हीरालाल के घर में दाखिल होकर उसने कमरे में रखी आलमारी का लॉकर खोला और 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल सहित नकदी और पर्स लेकर फरार हो गया।

चोरी की रकम छिपाने में पिता ने की मदद

पुलिस के अनुसार, चोरी के अगले दिन कमलेश ने अपने पिता भागवत पटेल (50) को पूरी घटना की जानकारी दी। दोनों ने मिलकर चोरी की रकम को अलग-अलग जगहों पर छिपाया।पहले रकम पुराने मकान में रखी गई। बाद में उसे खेत में बने बोर के कमरे में रखा गया और बारिश के दौरान वहां से निकालकर नए मकान की आलमारी में रख दिया गया।

11.53 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में कुछ रकम खर्च किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कमलेश ने कुछ पैसे खर्च किए, जबकि उसके पिता ने करीब 50 हजार रुपये वाहन की मरम्मत और पार्ट्स खरीदने में खर्च किए थे।फिलहाल पुलिस ने बरामद रकम जब्त कर ली है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

साइबर टीम की मदद से खुला मामला

बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर सिटी कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम बनाई गई थी। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस कमलेश और उसके पिता भागवत तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts