Homeअपराधदर्दनाक सड़क हादसा: पहले डिवाइडर से टकराई एंबुलेंस, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी,...

दर्दनाक सड़क हादसा: पहले डिवाइडर से टकराई एंबुलेंस, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, नर्स की मौत…

धमतरी। नेशनल हाईवे-30 पर संबलपुर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार महारानी अस्पताल की 35 वर्षीय नर्स शबनम खान की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

रात में मरीज को लेकर निकली थी एंबुलेंस

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री की तबीयत खराब थी। उन्हें इलाज के लिए डिमरापाल के निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे। एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई के अलावा नर्स शबनम खान भी सवार थीं।

सुबह करीब 6:30 बजे बेकाबू हुई एंबुलेंस

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास एंबुलेंस चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। पहले एंबुलेंस डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में देवेंद्र खत्री, उषा खत्री और मीनाक्षी घई घायल हुए हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

लगातार कई घंटे ड्राइविंग, झपकी आने की बात सामने आई

एंबुलेंस चालक अतुल बघेल के मुताबिक, वह बुधवार रात करीब 9 बजे डिमरापाल से एंबुलेंस लेकर रायपुर के लिए रवाना हुआ था। तड़के करीब 3 बजे एसएमसी अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे शव और परिजनों को लेकर जगदलपुर के लिए रवाना हुए।

करीब दो घंटे बाद संबलपुर के पास हादसा हो गया। चालक के अनुसार, हादसे के वक्त उसे झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच अर्जुनी पुलिस कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts