
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दशहरा उत्सव के बाद आपसी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हुई। मंगला इलाके में मंगलवार रात कुछ युवकों पर घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट करने का आरोप है। विवाद शांत कराने पहुंची बुजुर्ग महिला को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। घटना में दो महिलाओं समेत पांच लोगों के घायल होने की जानकारी है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गाली-गलौज के बाद डंडों से हमला
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, दशहरा उत्सव के बाद आपसी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ युवक घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए वहां मौजूद लोगों पर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला भी हमले की चपेट में आ गईं। घर में मौजूद पुरुषों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्थिति को संभाला गया। इस घटना में दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं।

थाने में समझौते का दबाव बनाने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस थाने में उन पर समझौता कर मामला दबाने का दबाव बनाया गया। हालांकि, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था और आपसी विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
