
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बेलतरा क्षेत्र में संचालित कोल वॉशरी को लेकर अब स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। कोल वॉशरी से निकलने वाली धूल, भारी वाहनों की आवाजाही और संभावित वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने मोर्चा खोल दिया है। मंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है। नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक एवं संयोजक अमित तिवारी ने ज्ञापन में बताया है कि कोल वॉशरी से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्कूल संचालित है। आसपास आबादी और अन्य शैक्षणिक संस्थान भी मौजूद हैं। ऐसे में कोल वॉशरी से निकलने वाली धूल और भारी वाहनों की आवाजाही से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच जरूरी है।

पहले निरीक्षण में भी सामने आई थी कमी
ज्ञापन में पूर्व निरीक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि पर्यावरणीय शर्तों के पालन की स्थिति कुछ मामलों में ‘Partially Complied’ यानी आंशिक रूप से अनुपालन की बताई गई थी। मंच ने इन शर्तों की दोबारा जांच कराकर प्रमाणित अनुपालन रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

प्रदूषण से लेकर सड़क सुरक्षा तक उठाए सवाल
मंच ने कोल वॉशरी की सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों की जांच, PM10 और PM2.5 की स्वतंत्र जांच, ध्वनि प्रदूषण का स्तर मापने और आसपास के जल स्रोतों व भूजल की गुणवत्ता की प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा NH-130 पर कोल वॉशरी के एंट्री-एग्जिट गेट की वैधता, भारी वाहनों की ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की मांग भी उठाई गई है। स्कूलों और आबादी वाले इलाकों के आसपास स्पीड लिमिट, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक सुरक्षा के इंतजाम करने की बात कही गई है।

उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की मांग
नागरिक सुरक्षा मंच ने कलेक्टर से संयुक्त निरीक्षण कराकर समयबद्ध जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही जांच में पर्यावरणीय या वैधानिक नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित इकाई के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और आवश्यक प्रतिबंध लगाने की मांग की है। मंच ने अपनी अपील में कहा है कि गांव, बच्चों और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।
