
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने एक साथ कई शहरों में कार्रवाई कर कारोबारी जगत में हलचल मचा दी। बिलासपुर से लेकर रायगढ़ तक लोहा कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारियों और व्यावसायिक समूहों के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कारोबारी प्रतिष्ठानों और आवासों में दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स चोरी से जुड़ी सूचना के आधार पर की जा रही है।

बिलासपुर में जेपी मित्तल के ठिकानों पर छापा
बिलासपुर में आयकर विभाग की टीम ने बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के ठिकानों पर छापेमारी की। तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने सबसे पहले विद्या नगर स्थित उनके निवास ‘प्रकाश पुंज’ में जांच शुरू की। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट के कार्यालय और हनुमान हार्डवेयर स्टोर पर भी अधिकारियों ने दस्तावेज खंगाले।कार्रवाई के दौरान कारोबारी से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। जेपी मित्तल बिलासपुर संभाग के प्रमुख लोहा कारोबारियों में गिने जाते हैं। फिलहाल उनके सभी बताए गए ठिकानों पर जांच जारी है।

रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप पर कार्रवाई
इधर रायगढ़ में भी आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की अलग-अलग टीमें रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर पहुंचीं। बर्बरीक हाउस समेत चार स्थानों पर जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं और कारोबारी गतिविधियां भी साथ संचालित करते हैं। इसी वजह से इनसे संबंधित विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच की जा रही है। अधिकारियों की टीमें दस्तावेजों, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं।

रायपुर और जांजगीर-चांपा तक कार्रवाई की सूचना
बिलासपुर और रायगढ़ के अलावा रायपुर तथा जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की सूचना है। हालांकि, इन स्थानों पर कार्रवाई को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों, जांच में मिले दस्तावेजों या किसी तरह की वित्तीय अनियमितता को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह और सामने आए तथ्यों की तस्वीर साफ हो सकेगी।
