
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के आमानाका इलाके में देर रात युवकों के एक बड़े समूह ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। काका दा ढाबा के सामने करीब 20 से 25 युवक अचानक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने सरेराह एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के युवक बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और मारपीट शुरू हो गई। सार्वजनिक सड़क पर हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

देर रात ढाबों में जमावड़ा, स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद इलाके के रहवासियों ने देर रात तक खुले रहने वाले ढाबों और वहां जुटने वाले युवकों की गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित समय के बाद भी ढाबों के आसपास भीड़ जमा रहती है। इससे आए दिन विवाद और हंगामे की आशंका बनी रहती है।
पुलिस पेट्रोलिंग पर भी उठे सवाल
सरेराह हुई इस घटना ने आमानाका इलाके में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि प्रमुख मार्गों और देर रात संचालित होने वाले ढाबों के आसपास पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
फिलहाल मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह, इसमें शामिल युवकों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
