Homeअपराधचाकू दिखाकर छात्रा को डराया, कैंची से काट दी चोटी; घटना के...

चाकू दिखाकर छात्रा को डराया, कैंची से काट दी चोटी; घटना के बाद सहमीं गांव की बच्चियां, आरोपी फरार!

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्कूल से घर लौट रही 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में एक अज्ञात युवक ने छात्रा को चाकू दिखाकर डराया और फिर कैंची से उसकी चोटी काट दी। इसके बाद उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। डर के चलते अगले दिन कई बच्चियां स्कूल भी नहीं पहुंचीं।

रास्ते में रोककर की हरकत

जानकारी के मुताबिक, उमराव नगर गांव के करीब 30 से 35 छात्र-छात्राएं रोजाना पढ़ाई के लिए कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल जाते हैं। शुक्रवार को 10वीं की एक छात्रा स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने चाकू दिखाकर छात्रा को डराया और उसके दोनों हाथ पकड़कर कैंची से चोटी काट दी। इसके बाद धक्का देकर सड़क पर गिराया और फरार हो गया।

घटना के बाद थाने पहुंचे ग्रामीण

घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पीड़िता के परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांव के राकेश कुमार साहू ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बच्चियों में डर, स्कूल जाने से कतरा रहे बच्चे

ग्रामीण पीलू वर्मा के मुताबिक, इलाके में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने स्कूल आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसडीओपी भूषण एक्का के अनुसार, नाबालिग छात्रा अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची थी। उससे पूछताछ की गई है। शुरुआती जांच में पीछा करने, छेड़छाड़ और चोटी काटने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की है। घटना के बाद से गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts