Homeअपराधएक बैंक खाते से 113 करोड़ का संदिग्ध ट्रांजेक्शन! 21 राज्यों के...

एक बैंक खाते से 113 करोड़ का संदिग्ध ट्रांजेक्शन! 21 राज्यों के 150 साइबर ठगी पीड़ितों से जुड़ा मामला, दो आरोपी गिरफ्तार…

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में एक बैंक खाते से 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। हैरानी की बात यह है कि इस खाते का कनेक्शन देश के 21 राज्यों में साइबर ठगी के 150 शिकायतकर्ताओं से जुड़ा मिला है। मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पासवान (32), निवासी पंखाजूर (कांकेर) और जिशान खान (30), निवासी नावापारा (सूरजपुर) के रूप में हुई है। इस मामले का मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है और उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।

संस्था के नाम पर खुलवाया बैंक खाता

जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था का पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम पर सूरजपुर स्थित एसबीआई शाखा में बैंक खाता खुलवाया गया। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के JCC-TMS पोर्टल से संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। बैंक दस्तावेजों और केवाईसी की पड़ताल में इस खाते से जुड़े बड़े वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ।

7 दिन में 13 करोड़ का लेनदेन, मिला लाखों का कमीशन

पुलिस जांच के अनुसार, 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच इस बैंक खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम आई थी। आरोप है कि इस रकम के लेनदेन के बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपये कमीशन मिला। इसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख, अमन पासवान को 2 लाख और जिशान खान को 2.50 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है। रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया था।

150 शिकायतों से जुड़ा मामला, एक आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की साइबर ठगी संबंधी शिकायतों के आधार पर खाते से कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये का लेनदेन सामने आया है। मामले में सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगी की रकम किन अन्य बैंक खातों में भेजी गई और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts