
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों को जंगल से खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों को भारी पड़ गई। ट्रैक्टर की आवाज सुनकर एक गुस्साया हाथी झाड़ियों से बाहर निकला और सीधे ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकले। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर जमकर गुस्सा निकाला। सूंड से उठाकर पटकने के साथ ही पैरों से कुचलकर वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फसल बचाने जंगल पहुंचे थे ग्रामीण
घटना कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंच गया था। ग्रामीणों को डर था कि हाथियों का दल गांव की ओर आकर खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी आशंका के चलते सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर पर सवार होकर जंगल की तरफ पहुंच गए। ग्रामीण ट्रैक्टर की तेज आवाज के जरिए हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे।

अचानक सामने आया हाथी, जान बचाकर भागे ग्रामीण
इसी दौरान ट्रैक्टर की आवाज सुनकर एक हाथी झाड़ियों से बाहर निकला और तेजी से ट्रैक्टर की तरफ बढ़ने लगा। हाथी को आक्रामक अंदाज में अपनी ओर आता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। ग्रामीणों के हटते ही हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बना लिया। उसने सूंड से वाहन को उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को जंगल से बाहर निकाला गया।
An elephant’s fierce rampage! It chased down villagers, lifted and slammed a tractor with its trunk, and crushed it underfoot; VIDEO goes viral…
जिले में कई जगह हाथियों की मौजूदगी, वन विभाग अलर्ट
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम देर शाम जिल्गा के जंगल पहुंची। विभाग के अनुसार, जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक अन्य हाथी की मौजूदगी की सूचना है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है।
वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को मुनादी के जरिए सतर्क किया गया है। साथ ही जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है।
