
बिलासपुर। रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा ट्रक बाइक सवार दो युवकों के लिए हादसे की वजह बन गया। भरारी के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक रतनपुर से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। भरारी के पास हाईवे पर खराब हालत में खड़ा ट्रक अंधेरे में नजर नहीं आया। इसी दौरान बाइक सवार दो वाहनों के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे थे। बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर से ट्रक के पीछे लगा लोहे का एंगल तक मुड़ गया। बाइक चला रहे युवक के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल की पहचान, मृतक अब भी अज्ञात
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान मुंगेली जिले के ग्राम ढोटमा निवासी विकास साहू के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हाईवे पर बैरिकेडिंग, कर्मचारी भी था तैनात
पुलिस के मुताबिक, हाईवे पर ट्रक खराब होने की सूचना के बाद एनएच कर्मचारियों ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग की थी। सुरक्षा के लिए एक कर्मचारी भी तैनात था। इसके बावजूद बाइक सवार तेज रफ्तार में दो वाहनों के बीच से निकलने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बाइक ट्रक से जा भिड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास जारी हैं।
